Sunday, January 22, 2012

कार्यकर्ताओं क़ी बात को महत्व देना हमारा धर्म : कुमारी शैलजा

सिरसा में पूर्व मंत्री जगदीश नेहरा के निवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए केन्द्रीय आवास एवं शहरी गरीबी उपशमन मंत्री कुमारी शैलजा। उनके साथ बैठे हैं प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष जगदीश नेहरा। चित्र - अनिल लाम्बा  
सिरसा, (अनिल लाम्बा) : जब हम सत्ता में आते हैं तो यह हमारा धर्म है कि हम कार्यकर्ता की बात को महत्व दें और उनका सम्मान करें, उनकी बात सुनें और उन्हें संतुष्ट करें। कांग्रेस का गौरव ही उसका कार्यकर्ता है। पार्टी के नेता सदैव कार्यकर्ता को अपने संगठन की रीढ़ मानते हैं। यदि कुछ कार्यकर्ताओं को ऐसा लगता है कि उनकी उपेक्षा हो रही है तो उस ओर ध्यान देने की आवश्यकता है। यह बात केन्द्रीय आवास एवं शहरी गरीबी उपशमन मंत्री कुमारी शैलजा ने कही। वह हरियाणा के पूर्व मंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष जगदीश नेहरा के निवास पर पत्रकार सम्मेलन को सम्बोधित कर रही थीं। इस अवसर पर उकलाना के विधायक नरेश सेलवाल, जगननाथ, जसबीर सिंह रियाड, सुरेंद्र नेहरा, ओमप्रकाश केहरवाला, लादुराम पूनिया, नवीन केडिया, सतपाल मेहता, सुरजीत भावदीन, सुरेंद्र बंसल, सर्वमित्र कंबोज, दीपक कौशल, सुभाष जोधपुरिया, दलीप नेजिया सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस एक विशाल लोकतांत्रिक पार्टी है न कि क्षेत्रीय। यहां कार्यकर्ताओं के विचारों को पर्याप्त सम्मान मिलता है और दिया जाना चाहिए। प्रदेश कांग्रेस में गुटबाजी के मुद्दे पर केन्द्रीय मंत्री कुमारी शैलजा ने कहा कि मैं खुद इस गुटबाजी का शिकार हूं। वह हिसार चुनाव के पश्चात उनके खिलाफ पास हुए प्रस्ताव का उल्लेख कर रही थीं। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि देश के पांच राज्यों में चुनाव हो रहे हैं। इनमें से चार प्रदेशों में कांग्रेस सत्ता में आयेगी, पांचवें उत्तरप्रदेश में कांग्रेस एक मजबूत राजनीतिक शक्ति के रूप में उभरेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब में भाजपा-अकाली गठबंधन सरकार की कार्यप्रणाली लोगों ने देखी है तथा इनकी कारगुजारी और लोकलुभावन मुद्दों को लोग पहचान चुके हैं। इस बार पंजाब में कांग्रेस की वापसी निश्चित है। केन्द्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि बादल सरकार ने शहरी गरीबी मंत्रालय की गरीबों के लिए योजनाओं को लागू नहीं किया जबकि इसके लिए अनेक बार उनके मंत्रालय के अधिकारियों ने पंजाब का दौरा कर इसकी जानकारी दी। स्वयं उन्होंने मुख्यमंत्री बादल को भी इन योजनाओं से अवगत करवाया था। इसी प्रकार उत्तरांचल में भी भाजपा सरकार का शासन भ्रष्टाचार में लिप्त रहा है और वहां चुनावी वर्ष में मुख्यमंत्री परिवर्तन का लाभ भाजपा को मिलने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार की बात करने से पहले भाजपा को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में भाजपा सत्ता में है वहंा लोकायुक्त की नियुक्ति किस ढंग से हो रही है यह सबके सामने है। हरियाणा प्रदेश में विकास में असमानता और क्षेत्र विशेष को प्राथमिकता की कांग्रेस में ही उठ रही आवाजों से सम्बंधित प्रश्र पर केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि हरियाणा में विकास हुआ है, मुझे विश्वास है आगे भी होगा परन्तु कार्य में सदैव सुधार की गुंजाइश रहती है इसीलिए जहां आवाज उठ रही है वहां ध्यान दिया जाना चाहिए। हम सत्ता में कार्यकर्ताओं के संघर्ष के कारण आए हैं इसलिए कार्यकर्ताओं का सम्मान सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जहां तक कार्यक्र्ताओं की उपेक्षा की बात है इस मुद्दे पर पार्टी के प्रभारी नेताओं से बात की जा सकती है। केन्द्रीय मंत्री ने एक प्रश्र के उत्तर में कहा कि पूर्व मंत्री जगदीश नेहरा को यदि सुरक्षा की जरूरत महसूस होती है तो उन्हें सुरक्षा दी जानी चाहिए। हरियाणा में अनेक बोर्डों और समितियों में रिक्तियां होने के बावजूद नियुक्तियों के न होने से सम्बंधित एक प्रश्र पर कुमारी शैलजा ने कहा कि प्रदेश में नियुक्तियों को लेकर केन्द्रीय आलाकमान ने एक समन्वय समिति बनाई थी परन्तु इस समिति की बैठक जो कुछ माह पूर्व हुई थी में प्रदेश सरकार से कुछ जानकारियां समिति ने मांगी थी परन्तु अभी तक वह नहीं मिली और बैठक भी उसके पश्चात अभी तक नहीं हुई। शिक्षा के अधिकार से सम्बंधित एक प्रश्र पर उन्होंने कहा कि गुणवत्तापरक शिक्षा अत्यंत आवश्यक है।

No comments:

Post a Comment