पांच राज्यों में होगा कांग्रेस का सूपड़ा साफ़ : अभय चौटाला
रोहतक, (अनिल लाम्बा)। वरिष्ठ इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने कहा कि केंद्र की यूपीए सरकार पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के बाद देश में मध्यावधि चुनाव संभव है। इन पांचों राज्यों में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो जाएगा। वे गांव बालंद में अपने जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का आयोजन युवा नेता मनोज बांलद ने किया। इससे पूर्व सतगामा खाप के प्रधान चौधरी कंवल सिंह ने पगड़ी भेंट कर अभय सिंह का स्वागत किया। युवा नेता मनोज बांलद ने उन्हें पार्टी का चुनाव चिन्ह चश्मा भेंट किया। इस अवसर पर लोकजन शक्ति की प्रदेश उपाध्यक्ष आशा गौतम ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ इंडियन नेशनल लोकदल में शामिल होने की घोषणा की। अभय चौटाला ने आशा गौतम को पार्टी में उचित मान-सम्मान देने का आश्वासन दिया। कार्यकर्ताओं के सैलाब से गदगद अभय सिंह चौटाला ने कहा कि भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी कांग्रेस सरकार के नेता खुद को बचाने की जुगत में हैं। लेकिन जनता के सामने उनकी हकीकत सामने आ गई है। हाल ही में बाटला कांड में सोनिया गांधी के रोने के मामले में कांग्रेस के नेता दो फाड़ हो गए। जब पार्टी सुप्रीमो का इस कदर मजाक उड़ाया जा रहा है तो आम कार्यकर्ताओं को कांग्रेस में कितना सम्मान दिया जा रहा हैं। इंडियन नेशनल लोकदल के शासन में अपराधियों को शरण देने का दुष्प्रचार किया जाता था। लेकिन आज हकीकत जनता के सामने है कि अपराधियों को शरण कौन दे रहा है। आज अपराधी खुलेआम वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। प्रदेश में कानून व्यवस्था फेल हो गई है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के गृह जिले में जब अपराधी वारदात करेंगे तो बाकी प्रदेश का क्या हाल होगा। इस अवसर पर वरिष्ठ इनेलो नेत्री उमेश देवी, जिला प्रधान सतीश नांदल, पूर्व जिला प्रधान धर्मपाल मकड़ौली, युवा जिला प्रधान बलराम मकड़ौली, जितेंद्र बल्हारा, प्रवक्ता कृष्ण कौशिक सहित हजारों कार्यकर्ता मौजूद थे।

No comments:
Post a Comment