Friday, May 13, 2011

एसपी कुरुक्षेत्र को बर्खास्त करो, स्वीटी को इंसाफ दो


एसपी कुरुक्षेत्र को बर्खास्त करो, स्वीटी को इंसाफ दो

कुरुक्षेत्र. कुरुक्षेत्र स्थित लघु सचिवालय में शुक्रवार को चारों तरफ एक ही तरह के नारे गूंज रहे थे। इनमें ‘एसपी को बर्खास्त करो’, ‘स्वीटी के हत्यारों को फांसी की सजा दो’, ‘यदि एेसा होता रहा तो फिर कौन बाप चाहेगा कि उसके यहां बेटी पैदा हो’ जैसे नारे शामिल थे। स्वीटी के हत्यारों की गिरफ्तारी न होने से नाराज इंडियन बहुजन संदेश पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्षा कांता आलड़िया ने 200 कार्यकर्ताओं के साथ एक दिन की सांकेतिक भूख हड़ताल की। आलड़िया ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने हत्यारों को जल्द नहीं पकड़ा तो वे दिल्ली में जंतर मंतर पर अनशन करेंगी। घटना के दस दिन बाद भी हत्यारों का पकड़ में न आना ये दर्शाता है कि हरियाणा में कानून नाम की कोई चीज नहीं है। उन्होंने स्वीटी के हत्यारों को जल्द से जल्द पकड़कर फांसी की सजा देने की मांग की ताकि कोई किसी की बहन/बेटी पर बुरी नजर डालने की हिम्मत न कर सके। इंडियन बहुजन संदेश पार्टी के अलावा जनसंघर्ष मंच हरियाणा, स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया और अंबेडकर स्टूडेंट फ्रंट ऑफ इंडिया ने भी डीसी कार्यालय पर प्रदर्शन किया।

No comments:

Post a Comment