Wednesday, June 15, 2011

पूर्व फौजी का मिला शव , हत्या की आशंका पूर्व सरपंच के ममेरे भाई के शव के मिलने से फैली जबरदस्त सनसनी नहीं दी शिकायत किसी ने ,पुलिस जुटी जांच में मृतक के शरीर पर मिले कईं घावों के निशान


करनाल (अनिल लाम्बा) : गाँव कमबोपुरा के पूर्व सरपंच की मौत की गुत्थी अभी सुलझी भी ना थी कि अचानक कर्म सिंह के ही ममेरे भाई एवं पूर्व फौजी चमेल सिंह का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से पूरे जिला में जबरदस्त सनसनी फ़ैल गयी | शव की बरामदगी आज बाद दोपहर करनाल के सैक्टर चार स्थित पुलिस चौंकी के समीप स्थित एक पार्क में पड़ा मिला | सूचना मिलते ही ड़ी. एस. पी. सुरेन्द्र पाल सिंह सहित कईं पुलिस अधिकारी मौक़ा पर पहुंचे | वहां से शव को उठा मर्चरी हाउस लाया गया | मृतक हल्का मतलौडा के गाँव वैसर का रहने वाला बताया जाता है | समाचार भेजे जाने तक मृतक के किसी भी परिजन ने पुलिस को शिकायत नहीं दी थी किन्तु इसके बावजूद जिला पुलिस जांच में जुट गईं थी | संदिग्ध परिस्थितियों में मिले शव की सूचना मिलने के बाद जिला के एस.पी. राकेश आर्य अस्पताल में मृतक के परिजनों से मिलने पहुंचे | वहीं मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है | बताया जा रहा है कि शव पर कईं चोटों और घावों के निशान हैं | मृतक चमेल सिंह की मौत का मामला बेहद संजीदा और पेचीदा है | पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद ही इस बात का खुलासा होगा की यह मामला हत्या का है या कुछ ओर ? मृतक चमेल सिंह पूर्व सरपंच मृतक कर्म सिंह का ममेरा भाई था | करीब दो दिन पहले ही मृतक चमेल सिंह ने अपनी गवाही क्राइम ब्रांच को दी थी कि उसने अपने रिश्तेदार मृतक कर्म सिंह को नौकरी लगवाने के लिए रुपये दिए थे | मृतक चमेल सिंह बताया जाता है कि कल भी गाँव कमबोपुरा में आया था | सुविज्ञ सूत्रों से पता चला है कि मृतक चमेल सिंह के परिजन अपने रूपये वापिस लेने के लिए उस पर दबाव ड़ाल रहे थे | किन्तु रात को चमेल सिंह वापिस अपने गाँव नहीं पहुंचा | मृतक के बेटे संदीप ने इस बात का खुलासा किया की उसके पिता ने यह गवाही दी थी कि उसने रूपये नौकरी के लिए मृतक पूर्व सरपंच कर्म सिंह को दिए थे | कल वह गाँव कमबोपुरा आये थे किन्तु अपने घर वापिस नहीं लौटे | बताया जा रहा है कि वह एक थ्री-व्हीलर पर घरोंडा की तरफ जाने के लिए तैयार हुआ था | उसके बाद वह करनाल के सैक्टर चार कैसे पहुंचा इस पर सवालिया निशान है | क्या किसी ने चमेल सिंह की हत्या कर दी या मामला कुछ ओर है इस पर अभी प्रशनचिन्ह लगा है | इस बात का पता पोस्टमार्टम की रिपोर्ट वा पुलिस की जांच के बाद लगेगा | मौक़ा पर ऍफ़.एस.एल. की टीम भी पहुंच गयी थी | चमेल सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कईं सवाल खड़े कर दिए हैं | पोस्टमार्टम हाउस के बाहर मृतक की पत्नी ने चीखकर कर्म सिंह के परिजनों की तरफ इशारा भी किया मगर अभी तक पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी गयी | पूर्व फौजी चमेल सिंह की मौत ने पूर्व में हुई पूर्व सरपंच की हत्या की गुत्थी को भी थोड़ा नजदीक लगा दिया है | गौरतलब है कि पूर्व सरपंच की हत्या के मामले में प्रदेश के पूर्व मंत्री ओम प्रकाश जैन तथा पूर्व संसदीय सचिव जिले राम शर्मा पर हत्या के आरोप जड़े जा रहे हैं | उन पर आरोप हैं कि उन्होंने नौकरी के नाम पर रूपये लिए थे ओर उन्होंने हत्या करवा दी | अब अचानक कर्म सिंह के ममेरे भाई चमेल सिंह का शव मिलने से पुलिस ओर चमेल सिंह के परिजन हैरान एवं परेशान हैं | दोनों कि मौत के मामले में गहरी साजिश की बू आ रही है | फिलहाल मामले की जांच जारी है |      

No comments:

Post a Comment