Sunday, June 26, 2011

दलितों-पिछड़ों व गैर जाटों का दमन कर रही है कांग्रेस : आर्य हुड्डा के राज में सरेआम हो रहे हैं दुष्कर्म और हत्याएं बोले : दो पूर्व मंत्रियों के लेन-देन से खुलासा हुआ हुड्डा के भ्रष्टाचार का कहा : दलित व गैर जाट मिलकर उखाड़ फैंके तानाशाही सरकार को

करनाल (अनिल लाम्बा) : हरियाणा वंचित वर्ग संघर्ष समिति के प्रदेशाध्यक्ष तथा छछरोली के पूर्व विधायक रोशन लाल आर्य ने आज कांग्रेस पर सीधा-सीधा जाट शाही का निशाना साधते हुए कहा कि मौजूदा प्रदेश सरकार दलित और पिछड़ों का ही नहीं बल्कि गैर जाट समुदाय की सभी पैंतीस जातियों का दमन करने में लगी है | उन्होंने यह आरोप भी धर दिया कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के राज में सरेआम और दिन-दहाड़े महिलाओं से दुष्कर्म हो रहे हैं और पंचायती राज संस्थाओं से जुड़े लोगों की ही नहीं बल्कि आम लोगों की भी दिन-दहाड़े हत्याएं की जा रही हैं | करनाल में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा को तानाशाह शासक करार देते हुए कहा कि हुड्डा स्वयं तो जात-पात खत्म करने की बात करते हैं लेकिन दूसरी तरफ वह जाट तन्त्र को कायम करने में ना केवल अहम भूमिका निभा रहे हैं बल्कि दमन चक्र नीति के तहत दलित,पिछड़े व गैर जाट वर्गों को बंधुआ नागरिक बनाने में जुटे हैं | उन्होंने हैरानी व्यक्त की कि पिछले समय में हरियाणा में जाट समुदाय के लोगों ने जो अपराध किये हैं उसे मुख्यमंत्री ने बड़ाने का काम किया है | उन्होंने कहा कि हुड्डा ने जाट समुदाय द्वारा जारी अपराध वृद्धि पर रोकने के लिए कोई काम नहीं किया बल्कि हमेशा उसे बड़ावा ही देते आये हैं | यही कारण रहा कि कानून कि रक्षा करने में जुटी पुलिस , प्रशासन और सरकारी तन्त्र भी आँख मीचे रहा | जब कानून को मानने वाले उन्हें खुद तोडेंगे तो प्रताड़ना झेल रहे लोग हावी तो होंगे ही | ऐसे लोग न्याय ना मिलने के कारण असंतोष की और अग्रसर हो रहे हैं | उन्होंने मिर्चपुर काण्ड को हरियाणा के माथे पर कलंक बताते हुए कहा कि इस पर रोक लग गई होती तो आगे हुए काण्ड घटित ना होते | मिर्चपुर काण्ड के दौरान दोषियों को सलाखों के पीछे धकेलने की बजाय पिछले दरवाजे से हुड्डा ने हवा देने का काम किया ,जिससे रेलवे को भी डेड सौ करोड़ का घाटा झेलना पड़ा | उन्होंने कहा कि हाल ही में हिसार के बगाना की रहने वाली जांगडा समुदाय की एक महिला से सरेआम दुष्कर्म किया गया और फिर दोषियों को गिरफ्तार करने की बजाय पीड़ित परिवार के दस लोगों को भीतर ठोक दिया गया | उन्होंने कहा कि अब आम लोगों का जीवन खतरे में है | यही नहीं गैर जाट समुदाय से जुड़े लोगों को अपनी इच्छा के मुताबिक़ संस्कार करने की इजाजत नहीं है | उन्होंने कहा कि पूरी सरकार भ्रष्टाचार से जुडी है | हाल ही में प्रदेश के दो पूर्व मंत्रियों द्वारा नौकरी लगवाने के लिए लाखों के लेन-देन के आरोप के बाद दो लोगों की हत्या कर दी गई | इससे साफ़ साबित हो रहा है कि पूरी हुड्डा सरकार प्रदेश के लोगों को लूटने में लगी है | उन्होंने मांग की कि दोनों भ्रष्ट मंत्री जिन पर हत्या का आरोप है , उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाए क्योंकि जो सबूत मृतक के परिजनों ने पुलिस को थमाए हैं , वह उन्हें सूली पर चडाने के लिए काफी हैं | इस दौरान उनके साथ करनाल जिले के अध्यक्ष ईश्वर सिंह राणा , यमुनानगर जिले के अध्यक्ष बलबीर शर्मा सहित कईं लोग मौजूद थे |  

No comments:

Post a Comment