Wednesday, May 9, 2012

मौजूदा सरकार ने लोकतांत्रित संस्थाओं का बेड़ा गर्क करके रख दिया : भाजपा प्रदेशाध्यक्ष कृष्णपाल गुर्जर

करनाल, (इंडिया विसन) : भाजपा प्रदेशाध्यक्ष कृष्णपाल गुर्जर ने प्रदेश के नगरनिगमों को बहाल करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि नगरनिगमों का गठन किये दो साल से भी ज्यादा का समय बीत चुका है लेकिन अभी तक नगरनिगम के चुनाव नहीं कराएं गए हैं। चुनाव न होने की वजह से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने लोकतांत्रित संस्थाओं का बेड़ा गर्क करके रख दिया है। लोकतंत्र की हत्या बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मांग को विधानसभा में तो उठाया ही जाएगा साथ ही सड़कों पर उतर कर हस्ताक्षर अभियान के जरिये लोगों को जागरुक किया जाएगा। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि नगरनिगम के चुनाव भाजपा अपने निशान पर लड़ेगी।  अगर सरकार चुनाव कराने में गंभीर नहीं है तो फिर नगरनिगमों के गठन को रद्द कर पहले वाली स्थिति बहाल करें और चुनाव कराएं।  आज सेक्टर 14 के श्री कृष्ण मंदिर में भाजपा की प्रदेश स्तरीय कमेटी में भाजपा-हजकां गठबंधन को मजबूत करने और सामूहिक कार्यक्रम बनाने पर भी चर्चा हुई। इस बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए प्रदेशाध्यक्ष कृष्णपाल गुर्जर ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर जम कर निशाना साधा। उन्होंने इनेलो पर भी वार करने से गुरेज नहीं किया। कृष्णपाल गुर्जर ने जहां कांग्रेस को डूबता जहाज करार दिया वहीं इनेलो को रिेजेक्टिड माल की संज्ञा दे डाली। उन्होंने कहा कि इन दोनों दलों को लोगों ने पूरी तरह से नकार दिया है। आने वाला समय भाजपा और हजकां का है। उन्होंने भ्रष्टाचार, बिगड़ती कानून व्यवस्था, बिजली संकट के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि बिजली के थर्मल प्लांट बंद पड़े हैं लेकिन सरकार के पास कोयला खरीदने के लिए पैसा तक नहीं है। ग्रामीण इलाकों में चार घंटे से ज्यादा बिजली नहीं मिल पा रही है। उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों को लेकर भाजपा विपक्ष में तो अपनी आवाज बुलंद करेगी ही साथ ही सड़कों पर उतर कर भी आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि करनाल में हजकां-भाजपा का संयुक्त सम्मेलन 22 मई को किया जाएगा। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में प्रमुख तौर पर कैप्टन अभिमन्यु, राजीव जैन, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष रतनलाल कटारिया, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष आत्मप्रकाश मनचंदा, पूर्व केंद्रीय मंत्री आई.डी. स्वामी, पूर्व मंत्री शशीपाल मैहता, जिला प्रधान जंग बहादुर चौहान, प्रदेश के सह मीडिया प्रभारी जगमोहन आनंद, अशोक सुखीजा, मेहरसिंह, उमेश चानना, सीमा कश्यप, अशोक भंडारी, लखनपाल, दीपक ध्वन, अमरनाथ सौदा, बाल कृष्ण शर्मा समेत कई जिलों से आई पार्टी के जिला प्रधान और प्रदेश कार्यसमिति के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद थे। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष कृष्णपाल गुर्जर ने जिले में भाजपा के बीच गुटबाजी और फूट की खबरों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि जिले में पार्टी ठीक ढंग से काम कर रही है और किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के सामने मीडिया ने स्थानीय स्तर पर गुटबाजी का मुद्दा उठाया था लेकिन प्रदेश प्रधान ने इसे खारिज कर दिया। बड़ा सवाल ये है कि अगर भाजपा एकजुट है तो फिर एकजुट दिखाई क्यों नहीं देती है? क्यों यहां हर नेता अपनी अलग-अलग ही ढपली और अपना-अपना राग बजा रहा है। बीते ढाई साल में एक भी ऐसा मौका नहीं आया है जब भाजपा के तमाम नेता एक मंच पर एक साथ नजर आएं हो? अगर मजबूरी में बड़े नेता के आगमन पर एक साथ दिखाई दे भी गए तो न तो इन नेताओं के हाथ मिलते है और न ही एक दूसरे का चेहरा पसंद आता है। एक दूसरे की पीठ घुमा कर बैठना पुरानी आदत बन चुकी है।

No comments:

Post a Comment