Saturday, May 14, 2011

मुजफ्फरनगर: किसान नेता महेंद्र सिंह टिकैत का निधन


मुजफ्फरनगर: किसान नेता महेंद्र सिंह टिकैत का निधन

मुजफ्फरनगर। किसान नेता महेंद्र सिंह टिकैत का आज निधन हो गया। वे ७६ वर्ष के थे और कैंसर से जूझ रहे थे। भारतीय किसान यूनियन नेता महेंद्र सिंह टिकैत की उत्तर प्रदेश के किसानों में काफी जबर्दस्त पकड़ थी। सरकार द्वारा जमीन अधिग्रहण को लेकर, किसानों के विरोध प्रदर्शन में भी वे सक्रिय थे। लेकिन आज उनकी तबियत का बिगड़ गई और उन्हें बचाया नहीं जा सका।उनका निधन उनके बेटे के निवास पर हुआ। कई लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए वहां जमा हो गए हैं। उनका अंतिम संस्कार सोमवार को सिसोली में किया जाएगा। टिकैत अपने पीछे चार बेटे और दो बेटियां छोड़ गए हैं. उनके पुत्र राकेश टिकैत उनके साथ किसान यूनियन का काम देखा करते थे. टिकैत पिछले क़रीब 25 सालों से किसानों की समस्याओं के लिए संघर्षरत थे और विशेष कर पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा के जाट किसानों में उनकी साख थी | टिकैत ने दिसंबर 1986 में ट्यूबवेल की बिजली दरों को बढ़ाए जाने के ख़िलाफ़ मुज़फ्फरनगर के शामली से एक बड़ा आंदोलन शुरु किया था. इसी आंदोलन के दौरान एक मार्च 1987 को किसानों के एक विशाल प्रदर्शन के दौरान पुलिस गोलीबारी में दो किसान और पीएसी का एक जवान मारा गया था | इस घटना के बाद टिकैत राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आए. उत्तर प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरबहादुर सिंह ने टिकैत की ताकत को पहचाना और खुद सिसौली गांव जाकर किसानों की पंचायत को संबोधित किया और राहत दी | इसके बाद से ही टिकैत पूरे देश में घूम घूमकर किसानों के लिए काम किया | उन्होंने अपने आंदोलन को राजनीति से बिल्कुल अलग रखा और कई बार राजधानी दिल्ली में आकर भी धरने प्रदर्शन किए |
अंतिम दर्शन के लिए देश-विदेश से पहुंच रहे हैं हजारो लोग
टिकैत के पुत्र और भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने बताया कि टिकैत के अंतिम दर्शन करने के लिए देश-विदेश से हजारों लोग यहां पहुंच रहे हैं । लोगों को गांव ले जाने के लिए रेलवे स्टेशन से 20 बसें चलाई गई हैं। 
उनके निधन का समाचार फैलते ही शोक की लहर दौड़ गई और लोग उनके अंतिम दर्शन के लिए उमड़ने लगे। हजारों की संख्या में स्थानीय नागरिक, किसान और सामाजिक तथा राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोग उनके अंतिम दर्शनों के लिए पहुंच रहे हैं।

कल होगा अंतिम संस्कार
बड़े बेटे राकेश टिकैत ने बताया कि कल 16 तरीख को किसान भवन में सुबह अंतिम संस्कार किया जाएगा।

No comments:

Post a Comment