यूपीए दुनिया की सबसे भ्रष्ट सरकार : रामदेव

वाराणसी, (भाषा)। योग गुरु बाबा रामदेव ने कांग्रेसनीत यूपीए सरकार को दुनिया की भ्रष्टतम सरकार की संज्ञा देते हुए उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में गैर कांग्रेसी विकल्प की जोरदार वकालत की। रामदेव ने आज वाराणसी में एक प्रेस कांफ्रेस के जरिए मतदाता जागरण अभियान की शुरुआत की और कहा कि वैसे तो किसी भी राजनीतिक दल में सौ फीसदी शुचिता की गारंटी नही ली जा सकती, लेकिन कालाधन और भ्रष्टाचार के लिए कांग्रेस पार्टी सर्वाधिक जिम्मेदार है। इस परिस्थिति में आमजन को उपलब्ध विकल्प के बीच सर्वश्रेष्ठ का चुनाव करना होगा। रामदेव ने कहा कि 1.76 लाख करोड रुपए के टूजी स्पेक्ट्रम घोटाले में उच्चतम न्यायालय द्वारा 122 लाइसेंस रदद किए जाने के फैसले से साबित हो गया कि कांगे्रस की सरकार कितनी भ्रष्ट है। उसके नेता किस मुंह से भ्रष्टाचार खत्म करने की बात कर रहे है। देश में यदि महंगाई व गरीबी बढ़ी है तो वह सिर्फ कांग्रेस की गलत आर्थिक नीतियों के चलते है। बल्कि यूं कहा जा सकता है कि कालाबाजारियों को फायदा पहुंचाने के लिए सरकार ने यह महंगाई बढ़वाई है। योग गुरु ने कहा विदेशों मे कालेधन के रुप में जमा 400 लाख करोड रुपए वापस लाने की हमारी मांग का भाजपा, कम्युनिस्ट पार्टी, सपा और बसपा सबने समर्थन किया, लेकिन कांग्रेस इकलौती पार्टी थी जिसने इसका विरोध किया। ऐसे में वोट देने से पहले लोग सोचे कि कांगे्रस से देश को क्या मिलेगा। बाबा रामदेव ने आमजन का आह्वान किया कि कांगेस को वोट न देकर उसका राजनीतिक बहिष्कार करना है और वोट की चोट से लोकतंत्र की खोट को दूर करना है। फिलहाल बाबा ने वोट देने के लिए स्पष्ट रुप से किसी पार्टी विशेष का नाम नहीं लिया। साथ ही यह भी कहा कि उन्होंने अब तक कोई राजनीतिक विकल्प तैयार नही किया है। एक अन्य सवाल पर बाबा ने कहा कि देश की बदहाली के लिए लोकसत्ता के साथ धर्मसत्ता भी जिम्मेदार है। हालांकि उन्होंने कहा, ‘मैंने अपना योगधर्म निभाते हुए राजधर्म निभाया है। हां दूसरे धर्मगुरुओं के बारे में टिप्पणी नहीं करना चाहता।’
No comments:
Post a Comment