Friday, February 17, 2012

अक्तूबर माह में हो सकते हैं विधान-सभा चुनाव : धूमल

अक्तूबर माह में हो सकते हैं विधान-सभा चुनाव : धूमल 
हमीरपुर, (अनिल लाम्बा) : मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने आज कक्डिय़ार में पत्रकार सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव अक्तूबर माह में किसी समय भी हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि क्योंकि मौसम के मिजाज को देखते हुए इस माह पूरे प्रदेश में एक साथ चुनाव करवाए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस बार पार्टी प्रत्याशियों का चयन सर्वे करवाकर ही किया जायेगा तथा प्रदेश में पार्टी ने एक सर्वे कर लिया है तथा और भी कई सर्वे होंगे उसी आधार पर पार्टी प्रत्याशी का चयन करेगी। भाजपा इन चुनावों के लिए पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने कहा कि इस बार विधायकों को टिकट उनकी सर्वे रिपोर्ट के आधार पर मिलेंगे तथा नये प्रतिनिधियों को भी टिकट उनकी कार्यशैली के आधार पर ही मिलेंगे। जब उनका ध्यान प्रदेश के तीसरे दल के गठन पर दिया गया तो उन्होंने कहा कि प्रदेश की राजनीति में तीसरा राजनीतिक दल न के बराबर ही रहा है। तीसरे दल के नेताओं द्वारा मीडिया में दिए गए बयानों को उन्होंने बेबुनियाद तथा तथ्यहीन करार दिया तथा तीसरे दल के नेताओं के बारे में कोई भी टिप्पणी करने से  इनकार कर दिया। मुख्यमंत्री धूमल ने कांग्रेसियों द्वारा किए जा रहे दुष्प्रचार जिसमें कांग्रेस प्रदेश सरकार पर प्रदेश को कर्ज में डूबोने का आरोप लगा रही है उस पर कांग्रेस को आड़े  हाथों लेते हुए कहा कि जब 2003 में कांग्रेस सत्ता में आई थी तो प्रदेश पर 14 हजार करोड़ का कर्ज था लेकिन जब कांग्रेस 2007 में सत्ता से बाहर हुई तो कर्ज बढ़कर 22 हजार करोड़ रूपये हो गया जबकि वर्तमान भाजपा सरकार ने यह आंकड़ा 27 हजार करोड़ रूपये तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश को कर्ज केंद्र सरकार द्वारा बनाये गये नियमों के अनुसार ही मिलता है तथा प्रदेश को प्रतिवर्ष दो हजार करोड़ रूपये कर्ज लेने का प्रावधान है लेकिन प्रदेश सरकार ने 1400 करोड़ रूपये का कर्ज लिया है। धूमल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष कौल सिंह प्रदेश में खोली जा रही यूनिवर्सिटियों पर दिए गए बयानों को तथ्यहीन करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में ही 15 साल का अनुबंध हुआ था तथा सरकार ने इसे 25 साल तक बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को बयानबाजी करने से पहले तथ्यों की जानकारी प्राप्त कर लेनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र की यूपीए सरकार आतंकवाद से लडऩे में बिल्कुल विफल साबित हो रही है और देश में हो रहे आतंकवादियों द्वारा किये जा रहे हमले के बाद नये कानून बनाने की घोषणा कर देती है प्रदेश सरकार के अधिकार छीनने का प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि अफजल गुरू पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। धूमल ने कहा कि केंद्र सरकार मात्र वोट बैंक के लिए इस तरह के हथकंडे अपना रही है। धूमल ने कहा कि प्रदेश सरकार जिन अधिकारियों का कार्यकाल पूरा हो चुका है उन्ही का स्थानांतरण कर रही है तथा यह रूटीन वर्क है। उन्होंने बोर्डों व निगमों की ताजपोशी पर कहा कि समय-समय पर इनकी नियुक्तियां की जा रही हैं। जब उनका ध्यान प्रदेश भाजपा के नये अध्यक्ष के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि इसका निर्णय भाजपा हाईकमान ने करना  है। इस अवसर पर कांगड़ा केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष रसील सिंह मनकोटिया व प्रदेश किसान मोर्चा अध्यक्ष प्यारे लाल शर्मा भी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment