हरियाणा के राज्यपाल ने किया सम्मानित
करनाल (अनिल लाम्बा) : हरियाणा के सुप्रसिद्ध लोक कलाकार ईश्वर शर्मा के गायन को राज्यपाल जगन्नाथ पहाडिया ने सराहा। पिछले दिनों अम्बाला में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में ईश्वर शर्मा द्वारा लिखित और गाए गए गीत 18 साल के हो जाएं तब करना सोच विचार, लोकतंत्र में मिला सभी को वोट का अधिकार। फर्ज को भूल न जाना, और न वक्त गवाना ज् ने न केवल राज्यपाल बल्कि उपस्थित सभी श्रोताओं को मंत्र-मुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के समापन पर राज्यपाल श्री पहाडिय़ा ने ईश्वर शर्मा को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। बता दें कि ईश्वर शर्मा सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग में पिछले करीब 30 सालों से कलाकार के पद पर कार्यरत हैं। नौकरी के अपने लम्बे कैरियर में ईश्वर शर्मा अब तक भारत के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री डाक्टर मनमोहन सिंह, यूपीए की अध्यक्षा श्रीमती सोनिया गांधी तथा अनेको बार हरियाणा के भिन्न-भिन्न मुख्यमंत्रियों के मंचों पर स्वागत गीत गा चुके हैं। जब भी हरियाणा में कहीं बड़ी रैली या जलसा होता है उसमें स्वागत गीत व लोगों के मनोरंजन के लिए विभाग की ओर से ईश्वर शर्मा को अवश्य आमंत्रित किया जाता है। गीत लेखन व गायन के अतिरिक्त ईश्वर शर्मा एक सफल मंच संचालक भी हैं। करनाल जिला में पिछले कई महीनों से कन्याभ्रूण हत्या की रोकथाम तथा बेटी बचाओ की मुहिम में हर मास 6 तारीख को ईश्वर शर्मा द्वारा रचित गीत, मात मनै मरवावे मतना, संसार देखना चाहूं सूं। गर्भ ते बाहर लिकडके न संसार देखना चाहूं सू, खूब लोकप्रिय हो रहा है। अपने फन की ख्याति का प्रमाण ईश्वर शर्मा के घर में स्थित उसका ड्राईंगरूम है जिसमें 50 से भी अधिक सम्मान-चिन्ह व प्रशंसा-पत्र सहेज कर रखे गए हैं। पूत के पैर पालने में दिख ज्यां से, की कहावत उसके लड़के हेमंत शर्मा ने चरितार्थ की है। जो आजकल जागरण के कार्यक्रमों में उदयीमान कलाकार के रूप में स्थापित हो चुके हैं। ईश्वर शर्मा के गाए गीतों का प्रसारण अब तक अनेकों बार विभिन्न राष्ट्रीय व रीजनल चैनलों से हो चुका है। एक भेंट में ईश्वर शर्मा ने बताया कि हरियाणा की लोक-संस्कृति बहुत समृद्ध है, जो यहां के ग्रामीण जीवन में रची बसी है। कलाकार किसी भी संस्कृति को जीवित रखने में उसके वाहक के रूप में समर्पित रहता है। इसी सोच से ईश्वर शर्मा ने हरियाणवी संस्कृति का प्रचार-प्रसार हरियाणा प्रदेश व दूसरे प्रदेशों में जाकर किया है और वहां के लोगों की वाहवाही लूटी है।
No comments:
Post a Comment