Wednesday, May 9, 2012

यूपीए की बरबाद करने वाली नीतियों के कारण आज देश का खजाना खाली हो रहा है : गडकरी

नाहन,(इंडिया विसन) : यहां के ऐतिहासिक चौगान मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में करीब दस हजार लोगों की मौजूदगी में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी तथा मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने हिमाचल प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी ‘अटल स्कूल यूनीफॉर्म योजना’ का शुभारम्भ किया।
गडकरी ने इस अवसर पर विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए  शिक्षा को विशेष प्राथमिकता प्रदान करने, विशेषकर नवीन एवं महत्वाकांक्षी अटल स्कूल यूनीफार्म योजना आरंभ करने के लिए प्रदेश सरकार की सराहना की वहीं केन्द्र की यूपीए सरकार पर वह जम कर बरसे। उन्होंने कहा कि यूपीए की गलत नीतियों तथा भ्रष्टाचार ने देश को बर्बाद करके रख दिया है। उन्होने देशवासियों से अपील की कि भ्रष्ट यूपीए को देश के हर कोने से उखाड़ फेंके।
केन्द्र सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होने आरोप लगाया कि यूपीए की बरबाद करने वाली नीतियों के कारण आज देश का खजाना खाली हो रहा है। अटल बिहारी वाजपेई के प्रधानमंत्रित्व कार्यकाल में विदेशी मुद्रा का जो भण्डार भरा हुआ था आज वही खाली हो रहा है। सीधा विदेशी निवेष अब देश में आना बन्द हो गया है। जो विदेशी निवेष देश में आया था अब वह भी वापस जा रहा है। अन्तर्राष्ट्रीय बाजार में रुपया लगातार गिर रहा है। एक तरफ तो विदेशों मे देश की साख दाव पर है दूसरी ओर महंगाई व भ्रष्टाचार का तांडव जारी है।
भाजपा कार्यकर्ताओं को मिशन 2014 में जुट जाने का आह्ïवान करते हुए श्री गडकरी ने कहा कि आज देश की जनता भाजपा की ओर देख रही है। भाजपा ही एक मात्र ऐसा विकल्प है जो देश का  भाग्य बदलने की ताकत रखता है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि उक्त योजना के तहत सरकारी स्कूलों में पहली से दसवीं कक्षा तक के सभी विद्यार्थियों को वर्ष में दो बार नि:शुल्क यूनीफॉर्म दी जाएगी। इस पर 64 करोड़ रुपये वार्षिक व्यय होंगे। इस योजना के अंतर्गत प्रदेश सरकार यूनीफॉर्म की सिलाई के लिए प्रत्येक विद्यार्थी को हर बार 100 रुपये भी देगी। प्रदेश सरकार द्वारा आरंभ की गयी यह महत्वाकांक्षी योजना देश में अनूठी है। इस योजना से वर्तमान में 927205 से अधिक विद्यार्थी, जिनमें 463680 लड़के तथा 463525 लड़कियां लाभान्वित होंगी। इस यूनीफॉर्म को राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज सुन्दरनगर के टैक्सटाइल विभाग द्वारा डिज़ाइन किया गया है।
इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष, सांसद तथा पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने मुख्यमंत्री प्रो$  प्रेम कुमार धूमल को स्कूली बच्चों के लिए इस योजना को आरंभ करने के लिए बधाई दी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि राज्य में भाजपा लगातार दूसरी बार सत्ता में आकर इतिहास बनायेगी।
इस मौके पर शिक्षा मंत्री आईडी धीमान, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, मुख्य संसदीय सचिव सुखराम चौधरी तथा हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष चन्द्रमोहन ठाकुर ने नितिन गडकरी एवं अन्य का स्वागत किया। इस मौके पर प्रदेश भाजपा प्रभारी कलराज मिश्रा, हिमाचल प्रदेश भाजपा के सह प्रभारी श्याम जाजू, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव जेपी नड्डा, लोक निर्माण मंत्री गुलाब सिंह ठाकुर, सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य मंत्री रविन्द्र रवि, विधायकगण, विभिन्न बोर्डों एवं निगमों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्षों समेत कई लोग उपस्थित थे।

No comments:

Post a Comment