Wednesday, January 29, 2014

पंजाब के पूर्व मंत्री और उसके बेटों के खिलाफ मामला दर्ज

नीलोखेड़ी की महिला ने लगाया अकाली दल नेता और उसके बेटों पर जान से मारने की धमकी का आरोप
करनाल, 29 जनवरी (अनिल लाम्बा) : नीलोखेड़ी की किसान बस्ती में रहने वाली एक महिला ने पंजाब के पूर्व मंत्री और अकाली दल नेता सुरजीत सिंह और उसके दो बेटों के खिलाफ धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस को दी शिकायत में महिला ने यह भी कहा है कि पहले उसे फोन पर धमकी दी गई और फिर दो आदमी हथियारों से लैस होकर घर आ धमके और उन्होंने सीधे-सीधे कहा कि यदि उसने कोहली परिवार से पंगा लिया तो उसका भी वही हाल होगा जो उसके पति और एक महिला का किया है। थाना बुटाना पुलिस ने अकाली दल नेता और पूर्व मंत्री सुरजीत सिंह कोहली, उसके बेटे अजीत सिंह और गुरजीत सिंह के खिलाफ भारतीय दंड साहिता की धारा 323, 506 और 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एस.एच.ओ. श्रीदत्त ने पुष्टि करते हुए बताया कि मामला दर्ज करने के बाद दोनो पार्टियों को आमने-सामने करने के लिए थाने में बुलाया है। दो दिन का समय मांगा गया है। जांच के बाद पुलिस कार्रवाई करेगी। यह मामला सुनीता रानी की शिकायत पर दर्ज किया गया है। सुनीता रानी ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि पंजाब के पूर्व मंत्री और उसके दो बेटे केस वापिस न लेने की एवज में बार-बार धमकी दे रहे है। उसके बताया कि 11-12 दिसम्बर 2013 को पंजाब के एक लैंडफोन  से उसे धमकी दी गई कि वह हाईकोर्ट से अपना केस वापिस ले ले। वरना उसका भी यही हाल होगा। जो उसके पति का हुआ है। महिला ने अपनी शिकायत में यह भी बताया कि 23 दिसम्बर 2013 को दो आदमी हथियारों से लैस होकर उसके घर आ धमके और उन्होंने सीधे-सीधे धमकी दी कि वह कोहली परिवार से पंगा न ले। वरना वह जान से हाथ धो बैठेगी।  महिला ने बताया कि इसके बाद वह अपनी शिकायत लेकर पुलिस में पहुंची, लेकिन पुलिस ने उसकी सुनवाई नही की। इसके बाद वह अपनी शिकायत लेकर एस.पी. के पास पहुंची। बाद में पुलिस ने पूर्व मंत्री और उसके दो बेटों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। महिला ने यह भी बताया कि उसने मंत्री के खिलाफ हाईकोर्ट में एक याचिका भी दायर की हुई है। उसने अपनी याचिका में हाईकोर्ट से गुहार लगाई है कि उसके पति की जो हत्या की गई थी। उस मामले की सी.बी.आई. जांच करवाई जाए। इसके अलावा सुरजीत सिंह का डी.एन.ए. टैस्ट भी किया जाए। महिला ने बताया कि इस मामले की सुनवाई 28 अप्रैल को होनी है। उसने आरोप लगाया है कि सुरजीत सिंह और उसके परिवार के लोगों ने उसके पति और एक अन्य महिला की हत्या कर दी, लेकिन पुलिस ने  अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया। सुनीता ने बताया कि हाईकोर्ट में उसके इस मामले की सुनवाई चल रही है। इसलिए पूर्व मंत्री का परिवार उसे जान से मारने की धमकी दे रहा है।

No comments:

Post a Comment