Wednesday, January 29, 2014

भारत और अमेरिकी प्रशासन के बीच चली आ रही तनातनी ने एडरीयाना-मुकेश के प्रेम पर गाज गिरायी

करनाल, 29 जनवरी (अनिल लाम्बा) : भारतीय राजनयिक देवयानी खोबरागडे के अपमान को लेकर भारत और अमेरिकी प्रशासन के बीच चली आ रही तनातनी ने एडरीयाना-मुकेश के प्रेम पर गाज गिरायी है। अमेरिकन गोरी एडरीयाना परेल (41) और हरियाणा के छोरे मुकेश रोड़  (25) की फेसबुक प्रेम कहानी इस तकरार के चलते मझधार में है। भारतीयों से नाराज अमेरिकी एम्बेसी ने बिना देखे ही गांव पोपड़ा के मुकेश रोड़ की वीजा फाइल उठाकर पटक दी है। हैरान-परेशान एडरीयाना परेल ने अब भारतीय गृह मंत्रालय से अपनी वीजा अवधि बढ़वाने की गुहार लगाई है। आज बातचीत के दौरान मुकेश ने कहा,’यह सब देवयानी  मामले को लेकर दोनों देशों के संबंधों में आई तनातनी की वजह से हुआ है। मुकेश ने बताया कि उन्होंने अपनी शादी को केन्द्रीय गृह मंत्रालय से भी पंजीकृत करवाया था। यहां तक कि बीबीसी लंदन की एक टीम गांव में आकर उन पर एक फिल्म भी बना चुकी है। लेकिन बीते दिनों जब वह अमेरिकन एम्बेसी गये तो वहां तैनात अधिकारियों ने बड़ी बेरुखी दिखाते हुए उसका वीजा आवेदन रिजेक्ट कर दिया और उसकी फाइल चैक तक नहीं की। अमेरिकन एम्बेसी के इस रवैये से नाराज़ एडरीयाना परेल ने अब भारतीय गृहमंत्रालय से अपनी वीजा अवधि बढ़ाने की गुहार लगाई है।मुकेश ने बताया कि हालांकि बीते करीब 6 महीने से एडरीयाना परेल ने ही उसके घर का सारा कामकाज संभाल रखा है और वह ग्रामीण परिवेश में पूरी तरह रच-बस गई है।

No comments:

Post a Comment