हिसार, 28 जनवरी (अनिल लाम्बा) : नगर निगम में शामिल हुए सातरोड गांव की करीब 40 एकड़ जमीन पर प्रस्तावित जलघर के विरोध में मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे ग्रामीणों ने इनेलो पार्षद राजपाल मांडू के नेतृत्व में जाम लगाकर उग्र विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव करते हुए पांच पुलिस वाहनों सहित 11 वाहनों के शीशे तोड़ दिए वहीं दो पुलिस वाहनों को आग के हवाले कर दिया।वहीं पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागे जिसमें पार्षद, पुलिस कर्मचारियों और महिलाओं सहित करीब 25 ग्रामीण घायल हो गये। जलघर शिलान्यास का कार्यक्रम रद्द करने के आश्वासन के बाद ही प्रदर्शनकारी शांत हुए। जानकारी के अनुसार सातरोड गांव के लोग करीब एक माह से इस प्रस्तावित जलघर का विरोध करते आ रहे हैं और सोमवार को भी उन्होंने प्रदर्शन की धमकी दी थी। उन्होंने मंगलवार को गांव के दोनों सरकारी स्कूलों की छुट्टी कर दी और प्रदर्शन करते हुए शहर में महावीर स्टेडियम की तरफ आने लगे जहां पर मुख्यमंत्री को दो परियोजनाओं का उद्घाटन व 10 अन्य परियोजनाओं के साथ जलघर का शिलान्यास करना था। पुलिस कर्मचारियों ने प्रदर्शनकारियों को जिंदल पुल पर ही रोकने का प्रयास किया तो वे उग्र हो गए। इसके बाद उन्होंने पुलिस पर पथराव करते हुए उन्हें खदेड़ दिया जिसमें करीब 8पुलिस कर्मचारी घायल हो गये। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने वहां खड़े पुलिस के 5 वाहनों के शीशे तोड़ दिए व उन्हीं में से 2 वाहनों को आग के हवाले कर दिया।
डेयरी और ट्रेनिंग सेंटर भी नहीं बनने देंगे
मंगलवार को हुए उग्र प्रदर्शन का नेतृत्व करने वाले नगर निगम के पार्षद राजपाल मांडू ने कहा कि वे जलघर के अलावा गांव में डेयरी व वाहन प्रशिक्षण केंद्र भी नहीं बनने देंगे। उन्होंने कहा कि गांव की गौचराण की जमीन ग्रामीणों की है और उन्होंने ही छोड़ी थी।
इनेलो नेता सहित 1200 लोगों पर केस दर्ज
इस मामले में सदर थाना पुलिस ने 1200 लोगों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक मितेष जैन ने इस बात की पुष्टि करते हुए बताया कि इस मामले में 15 को नामजद भी किया गया है।
पुलिस करेगी जांच
उपायुक्त एमएल कौशिक से बात की गई तो उन्होंने कहा कि इस मामले में वे कोई जांच नहीं करेंगे। जो कुछ हुआ, वह सबके सामने हैं। उन्होंने कहा कि इस बारे में पुलिस ही जांच करेगी।
No comments:
Post a Comment