चंडीगढ़, 28 जनवरी (अनिल लाम्बा) : इनेलो के राज्यसभा प्रत्याशी रामकुमार कश्यप ने मंगलवार को इनेलो के वरिष्ठ नेता चौधरी अभय सिंह चौटाला व प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इनेलो अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष बलदेव बाल्मीकि ने रामकुमार कश्यप के कवरिंग उम्मीदवार के तौर पर नामांकन पत्र भरा। इस अवसर पर इनेलो विधायक रामपाल माजरा, पूर्व मंत्री मोहम्मद इलियास, कलीराम पटवारी, परमिंद्र ढुल, कृष्ण पंवार, कवरिंग उम्मीदवार बलदेव बाल्मीकि सहित पार्टी के सभी विधायक व अन्य प्रमुख नेता मौजूद थे। इनेलो के राज्यसभा प्रत्याशी रामकुमार कश्यप ने उन्हें पार्टी की ओर से राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने के लिए इनेलो प्रमुख व पार्टी के अन्य नेताओं का आभार जताते हुए कहा कि आज वे इनेलो कार्यकत्र्ता होने के नाते बेहद गर्व व सम्मानित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है उसे वे पूरी निष्ठा से निभाएंगे। इनेलो प्रत्याशी का नामांकन पत्र भरवाने के बाद हरियाणा विधानसभा परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए चौधरी अभय सिंह चौटाला व अशोक अरोड़ा ने कहा कि केंद्रीय मंत्री व अम्बाला की सांसद कुमारी सैलजा के लोकसभा चुनाव की बजाय राज्यसभा चुनाव में प्रत्याशी बनने से यह बात साफ हो गई है कि इनेलो के मुकाबले कांग्रेस ने चुनाव से पहले ही अपनी हार मार ली है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के गुडग़ांव के सांसद राव इंद्रजीत कांग्रेस छोडऩे की घोषणा कर चुके हैं और सोनीपत के सांसद जितेंद्र मलिक पहले ही कह चुके हैं कि वे लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। इसी तरह हिसार के पूर्व सांसद जयप्रकाश भी चुनाव लडऩे से इनकार कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक डूबता हुआ जहाज है और लोगों ने कांग्रेस को सबक सिखाने का मन बना रखा है। इनेलो नेता ने कहा कि लोकसभा चुनावों के साथ-साथ हरियाणा विधानसभा चुनावों में भी कांग्रेस का सफाया होना तय है। इनेलो नेताओं ने कहा कि प्रदेश में इनेलो के पक्ष में 1987 की लहर जैसे हालात हैं और आगामी चुनाव में कांग्रेस विधानसभा में दस का आंकड़ा भी छू नहीं पाएगी और सिंगल डिजिट में ही रहेगी। उन्होंने कहा कि अगर मुख्यमंत्री को कांग्रेस की लोकप्रियता का कोई वहम है तो उन्हें तुरंत विधानसभा भंग कर लोकसभा के साथ ही चुनाव करवा लेने चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस विधानसभा में दोहरे अंक को छूने में सफल रही तो वे राजनीति छोड़ देंगे। कांग्रेस सहित अन्य दलों के अनेक प्रमुख नेताओं के इनेलो में शामिल होने संबंधी सवालों के जवाब में इनेलो नेताओं ने कहा कि उनका कोई राजनीतिक दुश्मन नहीं है और अगर कोई अच्छा साथी एवं कार्यकत्र्ता किसी अन्य दल में था और वे इनेलो में आना चाहता है तो उन्हें पार्टी में शामिल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर कोई पुराना साथी किसी गलतफहमी का शिकार होकर कहीं चला भी गया तो उन्हें वहां जाकर यह महसूस हुआ कि जो मान-सम्मान उन्हें इनेलो में मिलता था वैसा अन्य कहीं नहीं मिलता। इनेलो नेताओं ने कहा कि आज प्रदेश में हुड्डा सरकार ने जो 65 हजार नौकरियां लगाने की घोषणा की है वह नौकरियां मौजूदा सरकार तो लगा नहीं पाएगी लेकिन आने वाली इनेलो की सरकार जरूर प्रदेश के बेरोजगार युवकों को मैरिट के आधार पर नौकरियां देने का काम करेगी।

No comments:
Post a Comment