Monday, February 10, 2014

11 फरवरी से पूरे प्रदेश में इनेलो कार्यकर्ता घर-घर जाकर कांग्रेस द्वारा सीबीआई की सहायता से इनेलो प्रमुख ओम प्रकाश चौटाला व अन्य नेताओं को जेल भिजवाने के षड्यंत्र का पर्दाफाश करेंगे : अशोक अरोड़ा

चंडीगढ़, 10 फरवरी (अनिल लाम्बा) : इनेलो ने न्याय पाने के लिए अब न्याय यात्रा जनजागरण अभियान शुरु करके जनता की अदालत में जाने का फैसला लिया है। 11 फरवरी से पूरे प्रदेश में इनेलो कार्यकर्ता घर-घर जाकर कांग्रेस द्वारा सीबीआई की सहायता से इनेलो प्रमुख ओम प्रकाश चौटाला व अन्य नेताओं को जेल भिजवाने के षड्यंत्र का पर्दाफाश करेंगे। इसका खुलासा करते हुए इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने बताया कि इनेलो का न्यायपालिका में पूर्ण विश्वास है, लेकिन न्यायपालिका से न्याय मिलने में हो रही देरी के कारण अब पार्टी जनता के अदालत में जाएगी, क्योंकि जनता की अदालत सबसे बड़ी अदालत है। इस अवसर पर इसराना के विधायक कृष्ण पंवारमायाराम चंद्रभानपुरा, रामपाल शर्मा, सुभाष मिर्जापुर, मनोज चौहान, दिनेश मिर्जापुर, मियां सिंह बारना, राजपाल खासपुर, जितेंद्र अटवान, सुरेश खेड़ी, सुमित परुथी भी उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव सिर पर है और इनेलो कार्यकत्र्ता सभी विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी कार्यकर्ता लोगों से घर-घर जाकर संपर्क करेंगे और उन्हें बताएंगे कि किस प्रकार से कांग्रेस ने सीबीआई के साथ षड्यंत्र रचकर इनेलो नेताओं को जेल भिजवाया है। उन्होंने बताया कि पार्टी द्वारा सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में न्याय यात्रा चलाने के लिए प्रभारी नियुक्त किए गए है। श्री अरोड़ा ने कहा कि चौधरी ओमप्रकाश चौटाला का कसूर केवल इतना था कि उन्होंने बेरोजगार शिक्षकों को नौकरी दी। इन नौकरियों में कहीं भी पैसे का लेन-देन नहीं हुआ यह अदालत ने भी माना है। उन्होंने कहा कि लोगों से अपील की जाएगी कि वें लोकसभा व विधानसभा चुनाव में इनेलो का सहयोग करके कांग्रेस द्वारा रचे गए षड्यंत्र का बदला ले। मुख्यमंत्री द्वारा वृद्धावस्था पेंशन के साथ चिट्ठी भेजने पर टिप्पणी करते हुए इनेलो प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि बेशक सरकार ने अब एक हजार रुपया महीना पेंशन कर दी है, लेकिन इस पेंशन की शुरुआत चौधरी देवीलाल ने वृद्धों के सम्मान स्वरूप की थी। जो भी वृद्ध पेंशन लेता है उसे एक बार ताऊ देवीलाल की याद अवश्य आती है। बेशक मुख्यमंत्री अब पेंशन को बढ़ाकर पांच हजार भी कर दे लेकिन प्रदेश की जनता का कांग्रेस से मोह भंग हो चुका है और आने वाले चुनाव में कांग्रेस का सूपड़ा साफ होगा। हरियाणा में चुनाव होने पर कांग्रेस का जाना और इनेलो का सत्ता में आना सुनिश्चित है। इस अवसर पर मौजूद इसराना के विधायक कृष्ण पंवार ने कहा कि बीपीएल प्लाटधारकों को भी इसी प्रकार की चिट्ठी मुख्यमंत्री द्वारा भेजी गई है, जिसमें सरकार की उपलब्धियों का गुणगान किया गया है। इतना ही नहीं सरकारी विभागों के कर्मचारियों को भी अब चिट्ठी भेजकर सरकार की उपलब्धियों का गुणगान करने को कहा गया है। सरकारी कर्मचारियों से सरकारी काम न करवाकर उनसे मुख्यमंत्री का गुणगान करने का काम लिया जा रहा है।

No comments:

Post a Comment