![]() |
पंजाब के लंबी में चुनावी जनसभा के दौरान इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला, प्रकाश सिंह बादल व सुखबीर सिंह बादल-चित्र-अनिल लाम्बा |
चंडीगढ़ (अनिल लाम्बा) : पंजाब में अकाली दल के समर्थन में व्यापक लहर चल रही है, जिससे साफ है कि इस बार फिर पंजाब में प्रकाश सिंह बादल के नेतृत्व में अकाली दल की सरकार बनेगी। यह बात इनेलो प्रमुख व हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने चुनाव प्रचार के अंतिम दिन शनिवार को डबवाली के साथ लगते लंबी विधानसभा क्षेत्र व हरियाणा के कालांवाली हलके के साथ लगते सरदूलगढ़ विधानसभा क्षेत्र में अकाली दल प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए कही। इनेलो प्रमुख ने कहा कि कांग्रेसी नेताओं के बयानों में हताशा व बौखलाहट से साफ हो गया है कि पंजाब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस अपनी हार मान चुकी है। आज लंबी व सरदूलगढ़ में चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए चौटाला ने कहा कि आज देश में प्रकाश सिंह बादल ही सबसे ज्यादा किसान व गरीब के हितैषी राजनेता हैं, जिन्होंने पूरा जीवन गरीब, किसान व कमेरे वर्ग के लिए न सिर्फ संघर्ष किया बल्कि सबसे ज्यादा समय तक लोगों के लिए जेलें भी काटी। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि पंजाब में पिछले पांच सालों से चल रहे विकास कार्यों की गति को और ज्यादा तेज करने और भ्रष्ट व जनविरोधी कांग्रेस सरकार को सत्ता से दूर रखने के लिए अकाली दल प्रत्याशियों को न सिर्फ रिकॉर्ड तोड़ मतों से विजयी बनाएं बल्कि कांग्रेस प्रत्याशियों की जमानतें जब्त करवाने का भी काम करें। उन्होंने कहा कि लंबी, मलोट, मुक्तसर इलाके से सेम की समस्या को खत्म करने और किसानों की जमीनों को खेती लायक बनाने का श्रेय मुख्यमंत्री बादल को जाता है। उन्होंने कहा कि आज पंजाब देश में एकमात्र ऐसा राज्य है जहां किसानों को न सिर्फ मुफ्त बिजली मिलती है बल्कि गरीब आदमी को सस्ते दामों पर आटा-दाल भी उपलब्ध करवाया जा रहा है। लंबी में आयोजित जनसभा को पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल, भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह, दमदमी टकसाल के प्रमुख संत बाबा हरनाम सिंह धुम्मा, गुलजार सिंह व प्रसिद्ध लोकगायक हरभजन मान सहित अनेक प्रमुख नेताओं ने संबोधित किया।
No comments:
Post a Comment