प्रदेश क़ी कांग्रेस सरकार का दिवाला पिटा : चौटाला
असंध, (अनिल लाम्बा) : इनेलो सुप्रीमो व पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि वर्तमान प्रदेश कांगे्रस सरकार का दिवाला पिट चुका है। आज स्थिति यह है कि सरकार के पास कर्मचारियों की तनख्वाह देने के लिये भी पैसे नहीं है। बिजली,पानी ढांचागत सुविधाओं सहित हर मुद्दे पर नाकाम कांगे्रस सरकार नंबर वन के नाम पर प्रदेश की जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की जनविरोधी नीतियों का कच्चा-चिठ्हा लोगों के बीच खुल चुका है। इसकी हकीकत से वाकिफ प्रदेश की जागरूक जनता सिर्फ चुनावों का इंतजार कर रही है। अब इसके दिन लदने वाले हैं और उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। इनेलो पार्टी ही 36 बिरादरी के हित सुरक्षित रख सकती है। ओमप्रकाश चौटाला समीपवर्ती गांव जयसिंहपुरा,बस्सी व चोचड़ा में अनौपचारिक यात्रा पर आये हुये थे। उन्होंने जयसिंहपुरा में पूर्व हलका अध्यक्ष शमशेर सिंधड़ व चोचड़ा में मास्टर कर्मबीर शर्मा के आवास पर पहुंच नवविवाहितों को आशीर्वाद दिया। जयसिंहपुरा में शमशेर सिंधड़ के भतीजे व भतीजी व चोचड़ा में इनेलो कार्यकर्ता कर्मबीर के भतीजे को आशीर्वाद दिया। इसके अलावा वे गांव बस्सी में गये जहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ता धर्मबीर मक्कड़ की मौत पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने मृतक कार्यकर्ता के आवास पर पहुंच शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। घरौंडा के विधायक नरेद्र सांगवान,जिलाध्यक्ष राणा यशवीर कूक्कु, ब्लाक अध्यक्ष बलजीत टूर्ण, हिशम सिंह जौली, शमशेर सिंधड़, महिला इकाई जिला प्रधान प्रकाश कौर भी उनके साथ थे।
No comments:
Post a Comment