Sunday, April 29, 2012

प्रथम राष्ट्रपति थे राजा महेंद्र प्रताप : नरेंद्र अरोड़ा


करनाल (इंडिया विसन) : अखिल भारतीय प्रतिमा रक्षा सम्मान समिति द्वारा रविवार को रेलवे रोड़ पर स्थित स्वतंत्रता सेनानी सम्मान संग्रहालय में क्रांतिकारी राजा महेंद्र प्रताप की पुण्य तिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित सभी राष्ट्रभक्तों द्वारा राजा महेंद्र प्रताप के चित्र पर पुष्प अर्पित किए गए। श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार एवं क्रांतिकारी लेखक मदन लाल कपूर ने की। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सर्वजन नेता नरेंद्र अरोड़ा ने कहा कि राजा महेंद्र प्रताप एक सच्चे देशभक्त, क्रांतिकारी, पत्रकार एवं समाज सुधारक थे। वे आर्यन पेशवा थे उन्होंने अपनी आर्य परंपरा का निर्वाह करते हुए 32 वर्ष देश से बाहर रहकर अंग्रेजी हुकूमत को न केवल तरह-तरह से ललकारा बल्कि अफगानिस्तान में बनाई अपनी आजाद हिंद फौज द्वारा कबाइली इलाकों पर हमला करके कई इलाके अंग्रेजों से छीन कर अपने अधिकार में लिए और ब्रिटिश सरकार को क्रांतिकारियों की शक्ति का एहसास करवा दिया था। राजा महेंद्र प्रताप लाला हरदयाल और चंपक रमन पिल्लई जैसे राष्ट्रवादी नेताओं से निरंतर संपर्क बनाए रखते थे और क्रांतिकारियों के लिए हथियार तथा धन उपलब्ध करवाते थे। 29 अक्तूबर, 1915 को राजा महेंद्र प्रताप ने अफगानिस्तान में अस्थाई आजाद हिंद सरकार की घोषणा की, इस सरकार के राष्ट्रपति राजा महेंद्र प्रताप, प्रधानमंत्री मौलाना बरकतुल्ला खान, गृहमंत्री मौलाना औबे दुल्ला सिंधी तथा विदेश मंत्री डॉ. चंपक रमन पिल्लई थे, इसी सरकार के अंतर्गत आजाद हिंद फौज का गठन भी किया गया जिसमें सीमा वर्ती पठानों और कबिलाइयों को लेकर 6000 सैनिक भर्ती किए गए। आजाद हिंद सरकार का आजादी के लिए संघर्ष निरंतर जारी रहा। 4 जुलाई 1943 को महान क्रांतिकारी रास बिहारी बोस ने जापान में आजाद हिंद सेना को विराट रूप में विकसित करके राजा महेंद्र प्रताप के अधूरे सपने को पूरा किया तथा पूर्ण आजादी का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए उसे राष्ट्रपितामह नेता जी सुभाष चंद्र बोस के हाथों सौंप दिया। आजादी के पश्चात राजनैतिक कारणों से भारतीय इतिहास ने राजा महेंद्र प्रताप को वह स्थान नहीं दिया जिसके वह अधिकारी थे।
कार्यक्रम में समिति के प्रदेश अध्यक्ष हरियाणा राम कुमार साल्यान को राजा महेंद्र प्रताप अवार्ड से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य रूप से समिति के संरक्षक बलजीत साल्यान, प्रदेश अध्यक्ष रामक कुमार साल्यान, प्रिंसीपल प्राण नाथ गोयल, लाला लाजपत राय रेजीमेंट के महासचिव रमेश आजाद, इंदु लेखा शर्मा, निर्मल फूले, कांता शर्मा, डॉ. जे. आर. पी. अरोड़ा, ओ. पी. मदान, सुरेंद्र पहलवान, रेहतू लाल सैनी, तारा चंद सैनी, अनिल नंबरदार, सुरेंद्र मोहन वधावन, गोपाल रावत, विकास ढींगडा तथा विजय काम्बोज आदि उपस्थित थे।

No comments:

Post a Comment