Sunday, April 29, 2012

भगवान परशुराम की शिक्षाओं पर चलकर ही समाज में अमन शांति व सद्भावना कायम रखा जा सकता है : प्रकाश सिंह बादल

फतेहगढ़ साहिब, (इंडिया विसन) : पंजाब के मुख्यमंत्री  प्रकाश सिंह बादल ने कहा कि भगवान परशुराम की शिक्षाओं पर चलकर ही समाज में अमन शांति व सद्भावना कायम रखा जा सकता है, क्योंकि उन्होंने बिना किसी भेदभाव के सब धर्मों के लोगों की रक्षा के लिए जो अत्याचार व जुल्म के खिलाफ संघर्ष किया है, वह आज भी हमारे लिए प्रेरणा का स्रोत है। यह विचार  बादल ने यहां के युवराज पैलेस में ब्राह्मण सभा पंजाब की ओर से आयोजित प्रान्तस्तरीय भगवान परशुराम जयंती समारोह एवं ब्राह्मण महा -सम्मेलन के मौके संबोधित करते हुए प्रकट किये।  इस दौरान ब्राह्मण समाज ने मुख्यमंत्री के पास कुछ मांगें भी रखीं, जिन्हें जल्द ही पूरी करने का आश्वासन दिया।  बादल ने यह भी कहा कि शिरोमणि अकाली दल और बीजेपी की संयुक्त सरकार एक धर्मनिरपेक्ष सरकार है, जो कि सभी धर्मों का बराबर सम्मान करती है।  बादल ने कहा कि ब्राह्मण समाज का पंजाब के विकास में बहुत बड़ा योगदान है, क्योंकि ब्राह्मण समाज के धार्मिक अगुआ जहां नौजवान पीढ़ी में धार्मिक रुचि और नैतिक जिम्मेवारी पैदा करने में अहम भूमिका निभाते हैं वहीं ब्राह्मण समाज की ओर से समाज सेवा के कार्यों में भी योगदान दिया जाता है।
उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा विभिन्न धर्मों के पीर-पैगंबरों तथा महान पुरुषों के धार्मिक स्थलों के विकास के लिए विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि फगवाड़ा के नजदीक भगवान परशुराम जी के तपोस्थान खाटी को विकसित करने और उसके आस-पास को सुन्दर बनाने के लिए पंजाब सरकार द्वारा एक करोड़ खर्च किये गये हैं। बादल ने ऐलान किया कि खाटी में गेट, सड़क के निर्माण और अन्य विकास के लिए पंजाब सरकार द्वारा हर तरह की आर्थिक सहायता दी जायेगी।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए श्री आनन्दपुर साहिब से श्री नैना देवी तक 20 करोड़ की लागत से रोपवे का निर्माण किया जा रहा है, इसके अलावा होशियारपुर जिले में गुरु रविदास जी के धार्मिक स्थान को भी विकसित किया जायेगा। उन्होंने यह भी बताया कि श्री हरिमन्दिर साहिब को सुन्दर बनाने के लिए करीब 80 करोड़ रुपये खर्च किये जायेंगे।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर केन्द्र सरकार की दोहरी नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा पैट्रोल और डीजल की कीमतें बेहिसाब बढ़ाई जा रही हैं, जिससे आम इस्तेमाल होने वाली वस्तुओं की कीमतों में भी बढ़ोतरी होने से आम व्यक्ति को महंगाई की मार झेलनी पड़ती है। इस मौके पर सेहत व परिवार भलाई मंत्री पंजाब मदन मोहन मितल ने इस बात पर बल देते हुए कहा कि स्टील टाऊन के नाम से जाने जाते मंडी गोबिंदगढ़ के औद्योगिक विकास पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है, क्योंकि इसके विकास से जहां पंजाब की आर्थिकता को और बल मिलेगा, वहीं पंजाब के समूचे विकास में भी सहायक होगा। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम जी की शिक्षाओं पर चलकर पंजाब में भ्रूण हत्या और नशे जैसी बुराइयों को खत्म किया जा सकता है।
समारोह के दौरान पंजाब के वित्त मंत्री  परमिंदर सिंह ढींढसा ने कहा कि ब्राह्मण समाज को हर प्रकार के समाज भलाई के कार्यों में हरसंभव योगदान देने का भरोसा दिलाया।  इससे पहले श्री ब्राह्मण सभा पंजाब के अध्यक्ष देवी दयाल पराशर ने मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल का स्वागत किया। इस मौके बोलते श्री ब्राह्मण सभा पंजाब के अध्यक्ष देवी दयाल पराशर ने कहा कि जो ब्राह्मणों का सत्कार करेगा वही देश पर राज करेगा।
उन्होंने  मुख्यमंत्री बादल को वायदा याद दिलाते कहा कि गत वर्ष उन्होंने मांग रखी थी कि  संस्कृति भाषा के लिए सरकार पांच एकड़ जमीन देगी, जिस पर संस्कृति विद्यालय बनाया जाए जो कि आनंदपुर साहिब की पवित्र धरती पर दी जाए ताकि उस समय पर धर्मों का सुमेल हो जाए। इस दौरान डा. अमृता स्वामी, आचार्य ऋषि राज, साध्वी वैश्नवी भारती व स्वामी नित्य नन्द जी महाराज ने ब्राह्मणों के पुराने संस्कारों पर विस्तारपूर्वक रोशनी डालते हुए कहा कि आज का ब्राह्मण अपने संस्कार भूलता जा रहा है।
इस मौके पर पंजाब विधान सभा के स्पीकर चरणजीत सिंह अटवाल, पंजाब के वित्त मंत्री  परमिंदर सिंह ढींढसा, सेहत मंत्री मदन मोहन मितल, हलका बस्सी पठाना के विधायक स. निर्मल सिंह, शिरोमणि अकाली दल के महा सचिव प्रो. प्रेम सिंह चन्दूमाजरा, पंडित गिरधारी लाल, रणजीत सिंह तलवंडी, शिअद जिलाध्यक्ष एवं हलका अमलोह के इंचार्ज जगदीप सिंह चीमा, कृपाल सिंह खीरनीया, मार्केट कमेटी अमलोह के चेयरमैन रणधीर सिंह भांबरी, रणजीत सिंह लिबड़ा, रविंदर सिंह खालसा, नगर कौंसिल के पूर्वाध्यक्ष एवं मौजूदा पार्षद सुखविंदर सिंह भांबरी, स्टील चैंबर के अध्यक्ष भारत भूषण जिन्दल, केके जिन्दल, शिरोमणि अकाली दल वर्किंग कमेटी मैंबर राजिंदर कुमार टीटू, बीबी अमरजीत कौर मालड़े, जगन्नाथ शर्मा जयपुर, वेद रतन शर्मा, बिहारी लाल सद्दी, सुदेश शर्मा घनौर, ब्राह्मण सभा पंजाब महिला विंग अध्यक्ष सुनीता शर्मा, ब्राह्मण सभा युवा विंग अध्यक्ष जगदीप भारद्वाज, वरिंदर जोशी, महेश पाठक, राजीव शर्मा, अश्वनी शर्मा, पवन शर्मा, गुरिंदर गोगा, प्रेम चन्द बांसल, तरसेम मंगला, प्रकाश चन्द गर्ग, वेद प्रकाश सद्दी, अशोक शर्मा समेत बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग मौजूद थे।

No comments:

Post a Comment