Sunday, May 6, 2012

कांग्रेस और भाजपा राष्ट्रीय पार्टियां आगामी लोकसभा चुनावों में तीन डिजिट में सीटें नहीं ले पायेंगी : चौटाला


भिवानी, (इंडिया विसन) : कांग्रेस और भाजपा मिलीभगत करके सत्ता में बने रहना चाहते हैं। दोनों पार्टियों से देश की जनता निराश है। तीसरा मोर्चा समय की मांग है और जब कभी लोकसभा के चुनाव होंगे तो दोनों ही राष्ट्रीय पार्टियां तीन डिजिट में सीटें नहीं ले पायेंगी। यह बात इनेलो सुप्रीमो चौ. ओमप्रकाश चौटाला ने पार्टी नेता डॉ. के.सी. काजल के आवास पर पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए कही।  चौटाला ने पत्रकारों के समक्ष क्षेत्रीय पार्टियों के प्रति लोगों के रूझान का दावा किया और कहा कि पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे इस बात के गवाह हैं कि क्षेत्रीय पार्टियां ही लोगों की आकांक्षाओं पर खरी उतरती हैं। उन्होंने केन्द्र की यू.पी.ए. सरकार पर गठबन्धन में शामिल दलों की नाजायज मांगों के आगे देशहित को कुर्बान करने के आरोप लगाए और कहा कि देश की आंतरिक एवं सीमाओं की सुरक्षा पर तरह-तरह के सवाल उठ रहे हैं जो कि ठीक नहीं है।
उन्होंने केन्द्र एवं प्रदेश की कांग्रेस सरकारों पर किसान हितों से खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि योजनाबद्ध तरीको से ऐसे हालात पैदा किए जा रहे हैं जिससे किसान खेतीबाड़ी छोडऩे पर मजबूर हो सकें। किसान को बिजली, पानी, बीज और खाद समय पर नहीं मिलता हालत इतनी खराब है कि अपनी मेहनत के बलबूते पर पैदा की गई फसलों के सरकारी समर्थन मूल्य भी नहीं मिलते। आए दिन सरकार के घोटाले उजागर हो रहे हैं और सी.ए.जी की रिपोर्ट के अनुसार एक नवीनतम घोटाला 10,67000 करोड़ का बताया गया है। जबकि उन्हें अन्देशा है कि इस घोटाले की राशि 42 लाख करोड़ तक हो सकती है। पत्रकारों द्वारा सेनाध्यक्ष तथा सरकार के रिश्तों में आई खटास पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर कोई टिप्पणी करना देश के हित में नहीं होगा और सेना प्रमुख को मीडिया के सम्मुख मजबूर होकर बयान देना पड़े यह भी दुर्भाग्यपूर्ण है।
प्रदेश की हुड्डा सरकार पर बाईपास निकालने में किए जा रहे गड़बड़झाले पर भी वे खुलकर बोले। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बाईपास घोषित करने से पूर्व उस इलाके में अपने चहेते लोगों को जमीन खरीदवा देते हैं और उसके बाद बाईपास बनाने की घोषणा की जाती है। इस तरह से सरकार एवं उसके चहेते लोग अवैध तरीके से खरबपति बन गए हैं जिसकी जांच होनी चाहिए।
उन्होंने सरकार की भूमि अधिग्रहण और रिलीज नीति की भी जमकर आलोचना की और कहा कि हाल ही में सर्वोच्च न्यायलय द्वारा पिंजौर और पंचकूला के मामले में दिया गया फैसला सरकार के लिए आईना है। इस अवसर पर पूर्व सांसद कैप्टन इन्द्र सिंह, जिला प्रधान एवं विधायक धर्मपाल ओबरा, बाढड़ा केविधायक कर्नल रघबीर सिंह छिल्लर आदि उपस्थित थे।
लोगों का दिल जीतें कार्यकर्ता  :  इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. औमप्रकाश चौटाला आज अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पार्टी कार्यालय में जिला स्तरीय बैठक में भाग लेने पहुंचे। बैठक का एजेन्डा मुख्य रूप से पार्टी के सदस्यता अभियान एवं सरकार की जन विरोधी नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने का था।  मंच पर  चौटाला के अलावा केवल पूर्व सांसद एवं जिले के दोनों विधायकों के लिए बैठने की व्यवस्था की गई थी और पार्टी के सभी जिला एवं हलका पदाधिकारी आम कार्यकत्र्ताओं के साथ बैठकर पार्टी सुप्रीमो के भाषण सुन रहे थे।  चौटाला ने कार्यकत्र्ताओं से चेहरा प्रदर्शन से परहेज करने के निर्देश दिए और कहा कि पार्टी के प्रति समर्पित और साईलेंट वर्कर ही पार्टी की बुनियाद हैं।  चौटाला ने पार्टी के सदस्यता अभियान के बारे में स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सदस्य बनाने के नाम पर फर्जी मैम्बर न बनाए जाएं। उन्होंने कार्यकत्र्ताओं में नया जोश भरते हुए भरोसा दिलाया कि इनेलो की सरकार आने पर समर्पित और निष्ठावान कार्यकत्र्ताओं को विधायक नहीं बल्कि मुख्यमंत्री जितना सम्मान मिलेगा।
लोगों की गाढ़ी कमाई रैलियों में लुटा रहे मुख्यमंत्री : इनेलो
नारनौल, (इंडिया विसन) : प्रदेश के मुखिया द्वारा जगह-जगह रैलियां कर सरकार के लाखों करोड़ रूपये नष्ट करना जहां प्रदेश की जनता की गाढ़े खून पसीने की कमाई पर डाका है वहीं इन रैलियों में सैकड़ो करोड़ रूपये की विकास घोषणाएं करना प्रदेश की जनता के साथ सरासर धोखा है। यह बात इनेलो प्रमुख औमप्रकाश चौटाला ने आज स्थानीय सीटी मैरिज पैलेस में आयोजित जिलास्तरीय कार्यकत्र्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही।  इस अवसर पर उनके साथ जिला प्रधान राव बहादुर सिंह, पूर्व मंत्री बलबीर सिंह सैनी, जिला प्रमुख सुरेन्द्र कौशिक, नक्षत्र सिंह मल्हान, राव होशियार सिंह,भानाराम सैनी, जिला प्रवक्ता जोगेंद्र सिंह बडेसरा, हल्का प्रधान कांसीराम गुजर, कर्मवीर, ठाकुर रतन सिंह, सुरेश यादव, जिले सिंह गुजर, कार्यालय प्रभारी बीर सिंह गहली, संजीव तंवर, सुलोचना ढिल्लो, कमलेश चौधरी, वरिष्ठ इनेलो नेता दिनेश शेखावत उर्फ बल्ली, प्रमोद ताखर एडवोकेट, सिकन्दर गहली, वरिष्ठ इनेलो नेता सरपंच कर्णसिंह कर्नल, सुरेश पटीकरा, कर्मवीर यादव, जसवंत सिंह कुंजपुरा, रमेश पालड़ी, भीमसिंह सहरावत, केदारनाथ गर्ग, सत्यवीर सिंह एडवोकेट, विजय छिलरो, अमर सिंह जांगड़ा, दाताराम जांगड़ा, मनोज जांगड़ा, राजकुमार जांगड़ा, छोटेलाल पूर्व बीईओ, भागीरथ मल खनगवाल आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।

No comments:

Post a Comment