Sunday, May 6, 2012

हिलेरी क्लिंटन भारत के अपने तीन दिवसीय दौरे पर

कोलकाता, (भाषा) : अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन भारत के अपने तीन दिवसीय दौरे के पहले चरण में आज कोलकाता पहुंचीं। कोलकाता में दो दिन तक अपनी यात्रा के दौरान हिलेरी पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से भी मुलाकात करेंगी। इससे पहले वह 1997 में मदर टेरेसा के देहांत के बाद कोलकाता आई थीं। हिलेरी की अगवानी आज भारत में अमेरिकी राजदूत नैन्सी पॉवेल तथा प्रदेश के वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों ने की। वह बंगलादेश की राजधानी ढाका से यहां पहुंची और संभवत: भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद के महिलाओं पर आधारित एक कार्यक्रम में शामिल हो सकती हैं। बाद में वह विक्टोरिया मेमोरियल जाएंगी। अमेरिकी केंद्र के सूत्रों के अनुसार हिलेरी सोमवार की सुबह समाज के अनेक वर्गों के लोगों के साथ एक कार्यक्रम में शिरकत कर सकती हैं। राज्य सचिवालय राइटर्स बिल्डिंग में मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद वह दिल्ली के लिए रवाना होंगी। जसजस अमेरिकी विदेशी मंत्री हिलेरी क्लिंटन कोलकाता के जिस होटल में ठहरी हैं, वहां बहु चक्रीय सुरक्षा के प्रबंध किए गए हैं और एफबीआई के अधिकारयों ने सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल ली है। हिलेरी के साथ 40 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी उसी होटल में ठहरा है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि एफबीआई की टीमों ने रिसेप्शन काउंटर से लेकर ऊपरी मंजिल तक और अन्य कमरों को अपने कब्जे में ले लिया है।  अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के लिए करीब 100 कमरे बुक कराए गए हैं। एफबीआई के अधिकारी एक हफ्ता पहले ही पहुंच गए थे और उन्होंने हिलेरी की सुरक्षा का जायजा लिया था। होटल में लोगों को विशेष पास जारी किए गए हैं और प्रवेश करने के पहले वहां सभी लोगों की तलाशी ली जा रही है। यह होटल अलीपुर इलाके में है और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।  संपर्क किए जाने पर होटल अधिकारियों ने हिलेरी के लिए मेनू के बारे में बताने से इंकार कर दिया। इस बीच राइटर्स बिल्डिंग को वस्तुत: किले में तब्दील कर दिया गया है। यहीं कल मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और हिलेरी की मुलाकात होने वाली है। यहां भी एफबीआई के सुझावों के अनुरूप सुरक्षा की निगरानी की जा रही है। मंत्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे मुख्य गेट के बदले अन्य गेट का उपयोग करें।

No comments:

Post a Comment