Wednesday, January 29, 2014

व्यापारी को अपहरणकर्ताओं से चुंगल से छुड़वाया पुलिस ने

4 काबू, अपहरण का मामला दर्ज, 3 यू.पी. के
करनाल, 29 जनवरी (अनिल लाम्बा) : सैक्टर-16 में फीड का काम करने वाले एक व्यापारी का आज सुबह कुछ अपहरणकर्ताओं ने अपहरण कर लिया। इसके बाद अपहरणकर्ताओं ने व्यापारी से मारपीट की। मगर इसकी भनक पुलिस को लग गई। पुलिस ने तुरंत मामले को गंभीरता से लेते हुए अपहरणकर्ताओं का पीछा शुरू कर दिया। बाद में पुलिस ने नाकेबंदी करके 4 लोगों को काबू कर लिया। इनमें तीन लोग यू.पी. के रहने वाले है और एक करनाल का रहने वाला है। सदर चौंकी के इंचार्ज हुकम सिंह ने देर रात पुष्टि करते हुए कहा कि अपहरणकत्र्ताओं को काबू कर उनके खिलाफ अपहरण और मारपीट  तथा जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर लिया गया है। मामला लेन-देन का है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस मामले में यू.पी. के जरीफ, मकसूद अली तथा राजबीर समेत 4 लोगों को काबू किया है। बताया जा रहा है कि फीड का काम करने वाला देवेंद्र सैक्टर-16 स्थित अपने कार्यालय में मौजूद था। अचानक एक कार में सवार होकर 4 लोग आए और उन्होंने देवेंद्र से मारपीट शुरू कर दी और इसके बाद उन्होंने उसे कार में बैठा लिया। वह उसे कार में बैठाकर फरार हो गए। इसके बाद वहां शोर मच गया और समूचे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही डी.एस.पी. जोंगेंद्र राठी, एस.एच.ओ. सिटी समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। तुंरत समूचे क्षेत्र की नाकेबंदी की गई और चारों अपहरणकत्र्ताओं को कुछ ही दूर काबू कर लिया गया। अपहरण किए गए व्यापारी देवेंद्र पर चोटों के निशान थे। वह घबराया हुआ था। हालांकि पुलिस ने बताया है कि इनका लेन-देन का मामला सामने आ रहा है। इस मामले में एस.पी. शशांक आन्नद के निर्देश पर तुरंत कार्रवाई अमल में लाई गई है। मामला दर्ज करके फिलहाल जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि देवेंद्र इन लोगों से फीड वगैरह लेता था और इनका लेन-देन का मामला था। मगर फिर भी पुलिस ने अपहरण और मारपीट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

No comments:

Post a Comment