चंडीगढ़, 8 फरवरी (अनिल लाम्बा) : हरियाणा के शिक्षा निदेशक, डीसी जींद एवं परिवहन निदेशक सहित अनेक महत्वपूर्ण पदों पर रहे वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. अभय सिंह यादव ने शनिवार को अपने हजारों समर्थकों की मौजूदगी में इनेलो में शामिल होने की घोषणा की है। उन्होंने इनेलो के वरिष्ठ नेता एवं ऐलनाबाद के विधायक चौधरी अभय सिंह चौटाला की मौजूदगी में नारनौल में अपने आवास पर आयोजित एक कार्यक्रम में इनेलो में शामिल होने का ऐलान किया। वे दो दिन पहले ही गुरुवार 6 फरवरी को आईएएस पद से स्वेच्छिक रूप से सेवानिवृत्त हुए हैं। डॉ. अभय सिंह यादव ने कहा कि आईएएस अधिकारी रहते हुए उन्होंने जनसेवा के अनेक कार्य किए लेकिन अधिकारी रहते हुए जो काम वे नहीं कर पाए थे उन कामों को अब वे इनेलो के सहयोग से पूरा करेंगे। डॉ. अभय सिंह यादव एमए एलएलएम के अलावा पंजाबी विश्वविद्यालय चंडीगढ़ से लॉ में पीएचडी हैं और उनकी कानून व सेवा का अधिकार विषय पर लिखी गई किताबें बेहद लोकप्रिय हैं। 2001 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. अभय सिंह यादव की छवि एक बेहद ईमानदार, दबंग और निष्पक्ष अधिकारी की रही है। वे हरियाणा प्रशासनिक सेवा अधिकारियों के संगठन के अध्यक्ष भी रहने के अलावा नगर निगम फरीदाबाद के आयुक्त और हुड्डा फरीदाबाद के प्रशासक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी तैनात रहे हैं। जमीन से जुड़े हुए डॉ. अभय सिंह यादव अहीरवार क्षेत्र में एक बेहद लोकप्रिय अधिकारी के रूप में जाने जाते हैं और वे नारनौल क्षेत्र में चलाए जा रहे एक चैरिटेबल अस्पताल व ट्रस्ट के चेयरमैन भी रहे हैं। डॉ. अभय सिंह यादव का इनेलो में शामिल होने पर स्वागत करते हुए चौधरी अभय सिंह चौटाला ने कहा कि डॉ. यादव जैसे शिक्षाविद् व काबिल अधिकारियों की इनेलो में शामिल होने से न सिर्फ पार्टी को और ज्यादा मजबूती मिलेगी बल्कि इनेलो देश व प्रदेश की भ्रष्ट कांग्रेस सरकार के खिलाफ अपने संघर्ष को और ज्यादा मजबूती से चला पाएगी। इनेलो नेता ने कहा कि उनकी पार्टी के साथ-साथ प्रदेश को ऐसे ईमानदार अधिकारियों की जरूरत है जो सच्चे मन से आम गरीब लोगों की सेवा कर सकें। चौधरी अभय सिंह चौटाला ने कहा कि हुड्डा सरकार भ्रष्ट लोगों को संरक्षण दे रही है और सीडी मामले में सीएलयू के नाम पर करोड़ों रुपए मांगने वाले विधायकों, मंत्रियों व सीपीएस के खिलाफ कोई कार्रवाई करने की बजाय दोषियों को बचाने के प्रयासों में लगी हुई है। पत्रकारों से बातचीत करते हुए अभय चौटाला ने कहा कि महेंद्रगढ़ के कांग्रेसी विधायक व मुख्य संसदीय सचिव राव दान सिंह की सीडी भी जल्दी ही जारी की जाएगी और आगामी विधानसभा सत्र से पहले सीडी जारी हो जाएगी जिसमें उनके काले कारनामों का कच्चा चि_ा उजागर किया जाएगा। इस अवसर पर पूर्व डिप्टी स्पीकर गोपीचंद गहलोत, इनेलो विधायक एवं जिलाध्यक्ष राव बहादुर सिंह और रेवाड़ी के पूर्व जिला प्रमुख सतीष यादव सहित अनेक प्रमुख नेता मौजूद थे। इससे पहले चौधरी अभय सिंह चौटाला ने गुडग़ांव के डीपीजी आईटीएम कॉलेज प्रांगण में आयोजित वार्षिक समारोह में छात्र-छात्राओं को पुरस्कार बांटे और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर चौधरी अभय सिंह चौटाला के अलावा पटौदी के विधायक गंगाराम, पूर्व डिप्टी स्पीकर गोपीचंद गहलोत और कॉलेज के चेयरमैन राजिंद्र गहलोत सहित भारी संख्या में प्रमुख लोग शामिल थे। चौधरी अभय सिंह चौटाला ने कॉलेज छात्रों को सम्बोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेलों व सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने से बच्चों का न सिर्फ चहुंमुखी विकास होता है बल्कि इससे उन्हें आगे बढऩे व आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने का भी मौका मिलता है। इस अवसर पर अव्वल आने वाले बच्चों और प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। श्री राजेंदर गहलोत ने सबका धन्यवाद कर कार्यक्रम का समापन किया।

No comments:
Post a Comment