करनाल, 3 फरवरी (अनिल लाम्बा) : लोकसभा चुनाव की आहट के साथ ही सीएम के गृह जिले में राजनीतिक गतिविधियां जोर पकड़ने लगी हैं। कांग्रेस के पूर्व मंत्री सुभाष बतरा व कलानौर से भाजपा की पूर्व विधायिका सरिता नारायण जल्द इनेलो में शामिल हो सकते हैं। दोनों नेता अंतिम फैसला लेने से पहले अपने समर्थकों का मन टटोल रहे हैं। रविवार को गुड़गांव में चौटाला परिवार से मुलाकात करने के कदम से संभावनाओं को और बल मिला है। मुलाकात कराने में इनेलो के स्थानीय नेता राजू भुटानी की अहम भूमिका है। हुडा कांप्लेक्स में पंजाबी जागृति मंच की सभा में पूर्व मंत्री सुभाष बतरा के साथी शमशेर खरकड़ा ने अपने भाषण में जमकर कांग्रेस नेताओं पर शब्द बाण चलाए। बता दें कि महम से 2009 में निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर विधानसभा चुनाव लड़ने वाले खरकड़ा 26 जनवरी को अभय चौटाला की मौजूदगी में इनेलो में शामिल हो चुके हैं। सूत्रों का कहना है कि अपने खास दोस्त खरकड़ा के शामिल होने के बाद सुभाष बतरा के इनेलो में जाने की संभावना जोर पकड़ने लगी है।
कांग्रेस में घुटन महसूस कर रहे बतरा अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर कोई न कोई फैसला ले सकते हैं। हालांकि उनकी इनेलो नेताओं के साथ- साथ भाजपा नेताओं से भी बातचीत चल रही है। पूर्व विधायक ने एक घंटे की चौटाला परिवार से मुलाकात: भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की सदस्य एवं कलानौर से 2000 से 2005 में विधायक रही सरिता नारायण रविवार को इनेलो के एक शहरी नेता के साथ गुड़गांव पहुंची। दो से तीन बजे के बीच सरिता की इनेलो के एक शीर्ष नेता से मुलाकात हुई, जहां इनेलो में सरिता के भविष्य व संभावनाओं पर चर्चा हुई।
2 मार्च को लूंगा अंतिम फैसला: बतरा
2 मार्च को लूंगा अंतिम फैसला: बतरा
कांग्रेस के पूर्व मंत्री सुभाष बतरा का कहना है कि उनकी इनेलो के साथ भाजपा नेताओं से भी बातचीत चल रही है। वे दो मार्च को रोहतक में सम्मेलन करके अंतिम फैसला लेंगे। कांग्रेस को छोड़ने का पूरा मन बना चुके हैं। अब इनेलो या भाजपा में जाएंगे या तीसरा विकल्प तलाश करेंगे, अभी मंथन चल रहा है।
मुलाकात हुई, समय आने पर उचित फैसला: सरिता
भाजपा की पूर्व विधायक सरिता नारायण का कहना है कि चौटाला परिवार से पारिवारिक संबंध हैं। रविवार को बेटी की परीक्षा के चलते गुड़गांव गई थी। वहां पर चौटाला परिवार के एक शीर्ष नेता से बातचीत हुई है। इनेलो में शामिल होंगी या नहीं, यह समय आने पर फैसला लूंगी।

No comments:
Post a Comment